नई दिल्ली, 03 अगस्त। पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक आज सावन के पहले सोमवार की धूम है। कश्मीर से कन्या कुमारी तक पवित्र नदी तटों, जलाशयों और मंदिरों खासतौर पर शिवालयों में हर-हर महादेव की गूंज हो रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भी देवों के देव महादेव की आस्था में डूबी है। तड़के से ही सभी शिवालयों के पट भक्तों के लिए खुले हुए हैं।
मध्य प्रदेश के उज्जैन, हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ, उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ, उत्तराखंड के हरिद्वार, ऋषिकेश और झारखंड के देवघर में जलाभिषेक के लिए कतारें लगी हुई हैं। प्रयागराज के संगम क्षेत्र हर -हर महादेव के उद्घोष से गुंजायमान है। लोग त्रिवेणी तीरे स्नान कर सूर्य भगवान को भी जल अर्पित कर रहे हैं। चित्रकूट के रामघाट पर मंदाकनी में आस्था की डुबकी लगाने वाले श्रद्धालु सबसे पहले महाराजाधिराज मतगजेन्द्र नाथ मंदिर (शिवालय) में जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। देश की राजधानी के प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा के मद्देनजर अर्द्धसैनिक बल, दिल्ली पुलिस के साथ निजी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती है।
दिल्ली के चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर में लोग रात दो बजे से दर्शन-पूजन कर रहे हैं। मंदिर के बाहर दिल्ली पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बल की तैनाती है। मेटल डिटेक्टर गेट के साथ संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए मशीनें लगाई गई है। इस बार गौरी शंकर मंदिर में भक्त सीधे जलाभिषेक नहीं कर पाएंगे। इसके लिए गर्भगृह के बाहर क्यारियां बनाई गई है।
चांदनी चौक स्थित बनखंडी मंदिर के अलावा कनाट प्लेस स्थित विश्वेश्वर महादेव मंदिर में प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है।
विश्वेश्वर महादेव मंदिर में रूद्राभिषेक का अनुष्ठान आरंभ हो गया है।