वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में रविवार से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान को शान मसूद की कमी खलेगी, क्योंकि बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को उंगली में चोट के कारण टीम से बाहर कर दिया गया है।
तरौबा में खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए जेडेन सील्स की गेंद लगने से मसूद के बाएं हाथ की तर्जनी उंगली में चोट लग गई थी; पाकिस्तान यह मैच 90 रन से हार गया था।
इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज में भी मसूद के खेलने पर संदेह है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कहा है कि 19 अगस्त से लीड्स में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच में उनकी उपलब्धता उनके ठीक होने पर निर्भर करेगी।
पीसीबी ने एक बयान में कहा, "पाकिस्तान के टेस्ट बल्लेबाज शान मसूद को त्रिनिदाद के ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी में खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान बाएं हाथ की तर्जनी उंगली में चोट लगने के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया है। स्कैन और क्लिनिकल जांच के बाद, शान का इलाज अभी पाकिस्तान टीम का मेडिकल पैनल कर रहा है।"
पीसीबी ने कहा, "19 अगस्त से लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट मैच में उनकी उपलब्धता उनके ठीक होने और क्लिनिकल प्रोग्रेस (सुधार) पर निर्भर करेगी।" साथ ही यह भी बताया गया कि मसूद "टीम के साथ ही रहेंगे।"
पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई थी और मसूद के बाहर होने से क्वींस पार्क ओवल में होने वाले दूसरे मैच के लिए टीम के सामने खिलाड़ियों के चयन की चुनौती होगी। अब्दुल्ला शफीक और सऊद शकील - जिन्हें अब्दुल्ला फजल के पीठ की चोट के कारण सीरीज से बाहर होने के बाद टीम में शामिल किया गया था - मसूद की जगह लेने के दावेदारों में शामिल हैं। बिना टेस्ट खेले बल्लेबाज अवैस जफर भी टेस्ट डेब्यू की दौड़ में हैं।