बांकीपुर, दतिया और मांजलपुर उपचुनाव : सभी तैयारियां पूरी, कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कल, नतीजे 3 अगस्त को

Posted on: 2026-07-29


hamabani image

बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए चुनाव आयोग और संबंधित राज्य प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीनों राज्यों में शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती, अतिरिक्त पुलिस बल, वेबकास्टिंग, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तथा माइक्रो ऑब्जर्वर की व्यवस्था की गई है। तीनों सीटों के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी।

तीनों विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव अलग-अलग परिस्थितियों में हो रहे हैं, लेकिन राजनीतिक दृष्टि से सभी सीटें बेहद महत्वपूर्ण हैं। बिहार की बांकीपुर सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के विधानसभा सदस्य पद से इस्तीफा देकर राज्यसभा जाने के बाद रिक्त हुई है। मध्य प्रदेश की दतिया सीट कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के कारण खाली हुई, जबकि गुजरात की मांजलपुर सीट भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई है।

बिहार की 182-बांकीपुर विधानसभा सीट पर कुल 3,79,616 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें लगभग दो लाख पुरुष, 1,79,533 महिला तथा 23 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 247 सरकारी और 175 निजी भवनों में स्थापित हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए 29 चलंत मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं।

पटना के जिलाधिकारी एवं निर्वाची पदाधिकारी कुंदन कुमार तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी। मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी और बाहर मोबाइल जमा करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 वैकल्पिक फोटो पहचान पत्रों के आधार पर भी मतदान किया जा सकेगा।

इस उपचुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच में 26 नामांकन वैध पाए गए। एक प्रत्याशी द्वारा नाम वापस लेने के बाद अब 25 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा के नीरज कुमार, जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की रेखा गुप्ता के बीच माना जा रहा है।

वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के नितिन नवीन ने 98,299 मत (62.66 प्रतिशत) प्राप्त कर राजद की रेखा गुप्ता को 51,936 मतों से हराया था। रेखा गुप्ता को 46,363 मत (29.55 प्रतिशत) तथा जन सुराज के उम्मीदवार को 7,717 मत (4.92 प्रतिशत) मिले थे। इस बार भाजपा द्वारा नया उम्मीदवार उतारे जाने और प्रशांत किशोर के स्वयं मैदान में उतरने से मुकाबला अधिक रोचक माना जा रहा है।