भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर देशव्यापी “समरसता संकल्प अभियान” चलाने की घोषणा की है। यह अभियान 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक पूरे देश में आयोजित किया जाएगा।
भाजपा मुख्यालय में सोमवार को पत्रकार वार्ता में महासचिव तरुण चुग ने बताया गया कि अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को “समरसता दीप महोत्सव” से होगी। इस अवसर पर देशभर के मंदिरों में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा “कलश वंदन अभियान” के तहत वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से भरे कलश देशभर के राज्यों, जिलों और गांवों तक पहुंचाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा” निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान संत सम्मेलन, समरसता गोष्ठियां, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावासों में “समरसता संवाद” कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को संत गुरु रविदास के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश से परिचित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास का जीवन और उनके विचार सामाजिक समानता, आत्मसम्मान और मानवता की प्रेरणा देते हैं। यह अभियान केवल कार्यक्रमों की शृंखला नहीं बल्कि सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण के लिए व्यापक जनभागीदारी का प्रयास होगा।