अनंतनाग आतंकी हमले में शहीद पुलिसकर्मी के परिवार से मिले उपराज्यपाल, हर संभव मदद का दिया भरोसा

Posted on: 2026-07-24


hamabani image

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अनंतनाग में हुए आतंकी हमले में शहीद पुलिसकर्मी के घर जाकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने शुक्रवार को बडगाम जिले के बीरवाह के लोलीपोरा इलाके में पुलिसकर्मी के परिवार को भरोसा दिलाया कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन मजबूती से उनके साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी।

उन्होंने ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी द्वारा दिए गए सर्वोच्च बलिदान की भी सराहना की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उपराज्यपाल के साथ पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, कश्मीर ज़ोन के पुलिस महानिरीक्षक वी.के. बिरदी, सेंट्रल कश्मीर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक राजीव ओमप्रकाश पांडे, बडगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिप्रसाद के.के. और बडगाम के उपायुक्त अतहर आमिर खान भी मौजूद थे।

बुधवार दोपहर अनंतनाग के लाल चौक इलाके में आतंकवादियों ने हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन को बहुत करीब से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी।