अगस्त का महीना आते ही देशभर में देशभक्ति का माहौल बनने लगता है। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच स्कूल, कॉलेज और सामाजिक कार्यक्रमों में देशभक्ति गीतों की गूंज सुनाई देने लगती है। इन्हीं गानों में एक ऐसा गीत है, जो हर साल अगस्त और जनवरी में अचानक ट्रेंड करने लगता है। यह गाना है बॉलीवुड फिल्म ‘फना’ का मशहूर गीत ‘देश रंगीला रंगीला’। काजोल और आमिर खान पर फिल्माया गया यह गाना आज भी लोगों के दिलों में खास जगह बनाए हुए है।
साल 2006 में रिलीज हुई फिल्म ‘फना’ में शामिल यह गाना रिलीज के बाद से ही लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो गया था। खास बात यह है कि यह सिर्फ एक फिल्मी गाना नहीं रहा, बल्कि स्कूल और कॉलेज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हिस्सा बन गया। 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर इस गाने पर बच्चों के डांस की परंपरा आज भी जारी है। स्कूल फंक्शन का बना पसंदीदा गाना 90 के दशक और 2000 के शुरुआती दौर में बड़े हुए लोगों के लिए ‘देश रंगीला’ किसी यादगार पल से कम नहीं है। बहुत से लोगों ने अपने स्कूल के कार्यक्रमों में इस गाने पर डांस किया है। आज भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्कूलों में ग्रुप डांस और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए इस गाने को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है।
इस गाने की खासियत इसकी आकर्षक धुन और उत्साह से भरपूर संगीत है। जहां कई देशभक्ति गीत गंभीर और भावुक अंदाज में बनाए जाते हैं, वहीं ‘देश रंगीला’ भारत की खूबसूरती और विविधता को उत्सव के रूप में पेश करता है। भारत की विविधता को दिखाता है गाना ‘देश रंगीला रंगीला’ भारत के अलग-अलग रंगों, संस्कृतियों और परंपराओं को दर्शाता है। गाने में देश की प्राकृतिक सुंदरता, त्योहारों और लोगों की विविधता को बेहद खूबसूरत तरीके से पेश किया गया है।