रसंचार नियामक प्राधिकरण (टीआरएआई) की ओर से जून के महने में मुंबई में किए गए मोबाइल नेटवर्क गुणवत्ता परीक्षण में रिलायंस जियो और भारती एयरटेल का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा, जबकि सरकारी कंपनी एमटीएनएल का नेटवर्क सबसे कमजोर पाया गया। परीक्षण में कॉल गुणवत्ता, नेटवर्क कवरेज और डेटा स्पीड जैसे विभिन्न मानकों का आकलन किया गया।
केंद्रीय संचार मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, नेटवर्क कवरेज के मामले में एयरटेल में 102 नमूनों में कवरेज गैप दर्ज किया गया, जबकि जियो में यह संख्या 144 रही। वोडाफोन-आइडिया (वीआई) में केवल पांच स्थानों पर कवरेज गैप पाया गया, जबकि एमटीएनएल का प्रदर्शन सबसे खराब रहा और उसके नेटवर्क में 17,877 नमूनों में कवरेज गैप रिकॉर्ड किया गया।
कॉल ड्रॉप के मामले में जियो ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। परीक्षण के दौरान उसके नेटवर्क पर एक भी कॉल ड्रॉप दर्ज नहीं हुआ। एयरटेल और वीआई में एक-एक कॉल ड्रॉप दर्ज किया गया, जबकि एमटीएनएल के नेटवर्क पर 28 कॉल ड्रॉप पाए गए।
कॉल के दौरान आवाज रुकने (कॉल साइलेंस) की समस्या एयरटेल के नेटवर्क पर 14 बार दर्ज की गई। वहीं जियो और वीआई में यह समस्या केवल एक-एक बार सामने आई। एमटीएनएल के लिए इस संबंध में कोई उल्लेखनीय प्रदर्शन दर्ज नहीं किया गया।
मोबाइल इंटरनेट की गति के मामले में भी जियो सबसे आगे रहा। उसकी औसत डाउनलोड स्पीड 237.81 एमबीपीएस और औसत अपलोड स्पीड 40.92 एमबीपीएस दर्ज की गई। एयरटेल की औसत डाउनलोड स्पीड 93.76 एमबीपीएस और अपलोड स्पीड 25.92 एमबीपीएस रही। वहीं वीआई ने 70.69 एमबीपीएस की डाउनलोड और 25.57 एमबीपीएस की अपलोड स्पीड दर्ज की। एमटीएनएल के नेटवर्क का डेटा प्रदर्शन उपलब्ध नहीं हो सका।
संचार मंत्रालय के अनुसार, यह स्वतंत्र गुणवत्ता परीक्षण 10 से 12 जून के बीच मुंबई शहर में 204.3 किलोमीटर लंबे मार्ग और सात प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर किया गया। परीक्षण में बांद्रा-वर्ली सी-लिंक, महिम, दादर, सायन, वर्ली, परेल, हाजी अली, मुंबई सेंट्रल, बायकुला, गिरगांव और चर्चगेट जैसे प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया। इसके अलावा बायकुला रेलवे स्टेशन, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी), चर्चगेट रेलवे स्टेशन, दादर रेलवे स्टेशन, गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव और परेल रेलवे स्टेशन पर भी नेटवर्क गुणवत्ता का परीक्षण किया गया।
उल्लेखनीय है कि टीआरएआई समय-समय पर देश के विभिन्न शहरों में मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता का स्वतंत्र आकलन करता है, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें और सेवा प्रदाताओं के प्रदर्शन का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जा सके।