भारत की हॉकी विश्व कप की तैयारियां अंतिम चरण में, एक महीने का बचा समय

Posted on: 2026-07-15


hamabani image

हॉकी विश्व कप 2026 के शुरू होने में अब सिर्फ एक महीना बचा है। ऐसे में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने अपनी तैयारियों को अंतिम चरण में पहुंचा दिया है। दोनों टीमें बेंगलुरु के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में कड़ी मेहनत करके विश्व कप में दमदार प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ अंतिम तैयारियों में जुटी हुई हैं।

बेल्जियम और नीदरलैंड में 15 से 30 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पहली बार पुरुष और महिला विश्व कप का आयोजन एक साथ एक ही स्थानों पर किया जाएगा।

पुरुष टीम का आत्मविश्वास बढ़ा

भारतीय पुरुष टीम हाल ही में एफआईएच प्रो लीग के रॉटरडैम और लंदन चरण में शानदार प्रदर्शन के बाद पूरे आत्मविश्वास के साथ विश्व कप में उतरने जा रही है। टीम ने मौजूदा विश्व चैंपियन जर्मनी, ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीदरलैंड और पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमों को हराया, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ भी दमदार प्रदर्शन किया।

भारतीय पुरुष टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने बुधवार को हॉकी इंडिया के हवाले से कहा, "यूरोप दौरे के बाद खिलाड़ियों ने थोड़ा आराम किया था और अब वे पूरी ऊर्जा के साथ शिविर में लौटे हैं। शुरुआती दिनों में हमारा लक्ष्य खिलाड़ियों की फिटनेस वापस लाना और टीम की लय कायम करना था। अब धीरे-धीरे अभ्यास की तीव्रता बढ़ाई जा रही है ताकि विश्व कप के लिए टीम पूरी तरह तैयार हो सके।"

उन्होंने आगे कहा, "सप्ताह की शुरुआत में हम खिलाड़ियों की फिटनेस पर ज्यादा काम कर रहे हैं। इसके बाद रणनीति, छोटी टीमों में मुकाबले, वीडियो विश्लेषण और प्रेसिंग व काउंटर अटैक जैसे पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हमारा लक्ष्य अपनी मजबूतियों को और बेहतर बनाना है।"

भारत को पूल डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगी। इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से मुकाबला होगा।

महिला टीम भी शानदार लय में

भारतीय महिला टीम एफआईएच नेशंस कप का खिताब जीतकर विश्व कप में उतर रही है। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहते हुए ट्रॉफी अपने नाम की थी, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल काफी ऊंचा है।

महिला टीम को भी पूल डी में रखा गया है, जहां उसका पहला मुकाबला 16 अगस्त को मजबूत चीन से होगा। इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से भिड़ंत होगी।

भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच सजॉर्ड मारिजन मारिन ने कहा,"आगामी विश्व कप और एशियाई खेलों को लेकर पूरी टीम बेहद उत्साहित और प्रेरित है। खिलाड़ी हर दिन कड़ी मेहनत कर रहे हैं और लगातार बेहतर बनने की कोशिश कर रहे हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "हमारा पूरा ध्यान अपने खेल को और बेहतर बनाने पर है। फिटनेस में सुधार हमारी प्राथमिकता है, लेकिन इसके साथ-साथ हम पिछले कुछ महीनों में जिन तकनीकी पहलुओं पर काम कर रहे हैं, उन्हें भी मजबूत कर रहे हैं। हर दिन अधिकतम तीव्रता से अभ्यास संभव नहीं होता, इसलिए हमारी ट्रेनिंग को अलग-अलग स्तरों में बांटा गया है। हमारे स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच हर खिलाड़ी पर लगातार नजर रख रहे हैं। खिलाड़ियों और पूरी टीम में लगातार सुधार दिखाई दे रहा है और यही हमें विश्व कप के लिए आत्मविश्वास देता है।"