भारत रत्न एवं स्वतंत्रता सेनानी और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज की 124वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज के. कामराज की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के एक मजबूत स्तंभ और राष्ट्र निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले एक असाधारण जन व्यक्तित्व के रूप में याद किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शिक्षा, समावेशी विकास और वंचितों के कल्याण के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
लोकसभा में नेता उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक दूरदर्शी नेता बताया। उन्होंने कहा कि कामराज ने अपना जीवन वंचितों के उत्थान तथा उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित किया। सामाजिक न्याय और निस्वार्थ जनसेवा की उनकी विरासत हमेशा याद रखी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि के. कामराज का जन्म 15 जुलाई 1903 को तमिलनाडु के विरुधुनगर में हुआ था। वे भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे और बाद में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने। उनके कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए, हजारों नए स्कूल खोले गए और गरीब बच्चों को विद्यालयों तक लाने के लिए मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) जैसी योजनाओं को बढ़ावा दिया गया। भारतीय राजनीति में उनके संगठनात्मक कौशल और सादगीपूर्ण जीवन के कारण उन्हें व्यापक सम्मान मिला। वर्ष 1976 में उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया।