छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के बाद अब मौसम विभाग ने 15 जुलाई से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 29 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
प्रदेश में बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। वहीं मानसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून, बाराबंकी, पटना, बंकुरा और कनिंग होते हुए पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है।
इन मौसमी प्रणालियों के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि वर्षा का प्रभाव मुख्य रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिक देखने को मिल सकता है।
मंगलवार को मौसम रहा शुष्क
मंगलवार को प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। बिलासपुर में सर्वाधिक 35.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के लिए तेज हवा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।