स्कूल-कॉलेजों के बाहर पिंक पेट्रोल की सख्ती, छात्राओं की सुरक्षा के लिए रोजाना निगरानी

Posted on: 2026-07-14


hamabani image

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक अभिनव पहल शुरू की है। इसके तहत पिंक पेट्रोल यूनिट द्वारा शहर के स्कूलों और कॉलेजों के बाहर नियमित पेट्रोलिंग कर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

कमिश्नरेट की सेंट्रल, नॉर्थ और वेस्ट जोन की पिंक पेट्रोल टीमें प्रतिदिन स्कूल और कॉलेज खुलने तथा छुट्टी के समय संस्थानों के आसपास गश्त कर रही हैं। इस दौरान परिसर और आसपास के क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाती है, ताकि छात्र-छात्राएं सुरक्षित माहौल में अपनी पढ़ाई कर सकें।

रायपुर पुलिस के अनुसार पिंक पेट्रोल यूनिट की नियमित मौजूदगी का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। छात्र-छात्राओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है, वहीं स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की है। पुलिस की लगातार निगरानी से अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अधिक आश्वस्त महसूस कर रहे हैं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।