राजगढ़,13 जुलाई । मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर शहर का सोमवार को प्रदेश सरकार के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने दौरा कर विभिन्न सार्वजनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों की स्थिति का मौके पर जाकर जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री टेटवाल ने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने देने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही नगर में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने और तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया। राज्यमंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर की व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और जनहितकारी बनाने के लिए नियमित निरीक्षण करते रहें तथा नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करें। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। राज्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।