सलमान खान की 'मातृभूमि' की राह हुई लंबी

Posted on: 2026-07-13


hamabani image


अभिनेता सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की रिलीज को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। पहले इस फिल्म को अगस्त में सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की योजना थी, लेकिन अब इसके इस वर्ष रिलीज होने की संभावना काफी कम नजर आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म से जुड़े कुछ लंबित मुद्दों के कारण इसकी रिलीज लगातार टल रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म को रिलीज करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन यदि मौजूदा समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो इसे वर्ष 2027 तक टाला जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि यदि विवाद जल्द सुलझ भी जाता है, तब भी उपयुक्त रिलीज डेट मिलना आसान नहीं होगा, क्योंकि अधिकांश प्रमुख तारीखें पहले से बुक हैं। बताया गया है कि सलमान खान किसी अन्य बड़ी फिल्म से बॉक्स ऑफिस टकराव से बचना पसंद करते हैं और इसी वजह से जल्दबाजी में रिलीज का फैसला नहीं लिया जाएगा।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि यदि 'मातृभूमि' अगले साल तक टलती है तो 2027 में सलमान खान की दो बड़ी फिल्में रिलीज हो सकती हैं। उनकी दूसरी फिल्म ' एसवीसी63', जिसमें अभिनेत्री नयनतारा भी नजर आएंगी, ईद 2027 के मौके पर रिलीज के लिए निर्धारित बताई जा रही है।

अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' वर्ष 2020 में भारत और चीन के बीच हुए गलवान घाटी संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित है। बताया जा रहा है कि फिल्म की विषयवस्तु को लेकर उठी आपत्तियों के कारण इसे अभी तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से अंतिम प्रमाणपत्र नहीं मिल पाया है। ऐसे में फिल्म की रिलीज पर अंतिम फैसला सेंसर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही लिया जाएगा।