भोपाल/दतिया, 11 जुलाई । मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद जिला सुलग उठा है। टिकट बदलने से नाराज समर्थकों का विरोध शनिवार तड़के बेहद उग्र हो गया, जिसके बाद जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 163 लागू कर दी है।
दरअसल, दतिया विधानसभा उपचुनाव की घोषणा के बाद से पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा लगातार क्षेत्र में सक्रिय थे। उन्होंने नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था और लगातार जनसभाएं कर रहे थे। हालांकि, पार्टी ने आखिरी वक्त पर आशुतोष तिवारी के नाम पर मुहर लगा दी। दतिया सीट के लिए अब तक 13 लोग फॉर्म खरीद चुके हैं, जिनमें से 4 ने नामांकन दाखिल भी कर दिया है। भाजपा द्वारा टिकट की घोषणा होते ही पार्टी में बगावत खुलकर सामने आ गई। डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने शुक्रवार को ग्वालियर-झांसी हाईवे समेत जिले के कई स्थानों पर चक्काजाम कर दिया गया। शुक्रवार शाम से शुरू हुआ असंतोष शनिवार सुबह तड़के करीब 4:30 बजे हिंसक झड़प में बदल गया। प्रदर्शनकारियों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे पर करीब 15 से 20 किलोमीटर लंबा चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और एक गाड़ी को पलट दिया गया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इस पथराव में दतिया एसपी, एसडीओपी समेत 8 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। नरोत्तम मिश्रा के भी कुछ समर्थकों के चोटिल होने की खबर है।
बड़ौनकलां में चक्काजाम की खबर के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए दतिया स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। दफ्तर के अंदर मौजूद करीब 250 कार्यकर्ताओं को सुरक्षा के लिहाज से अंदर ही रोक दिया गया। कुछ समर्थकों ने खुद को अंदर बंद भी कर लिया था, जिन्हें बाद में अफसरों की समझाइश पर बाहर निकाला गया। कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए दतिया जिला प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत बिना अनुमति किसी भी सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन और सार्वजनिक आयोजन पर रोक रहेगी। साथ ही पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
टिकट कटने के आक्रोश में दतिया भाजपा में बड़ा संगठनात्मक संकट खड़ा हो गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सरण, नगर मंत्री, और जिला कोषाध्यक्ष समेत कई बड़े पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। समर्थकों का दावा है कि कई भाजपा पार्षदों ने भी सामूहिक इस्तीफे सौंप दिए हैं। वहीं, टिकट मिलने के बाद आशुतोष तिवारी ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा। डॉ. नरोत्तम मिश्रा मेरे अभिभावक हैं, उन्होंने खुद मुझे फोन कर बधाई दी है।
जिले के एडिशनल एसपी मंजीत सिंह चावला ने कहा कि जिले में कई जगहों पर प्रदर्शन हो रहे हैं। हालात को देखते हुए पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल मांगा गया है। प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
प्रदर्शन के चलते हाईवे पर घंटों से लगे लंबे जाम के कारण सैकड़ों ट्रक और यात्री बसें फंसी रहीं। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने झांसी और ग्वालियर की ओर जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया है। फिलहाल दतिया और ग्वालियर पुलिस संयुक्त रूप से ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने में जुटी है।