प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुरुवार को मेलबर्न में औपचारिक स्वागत किया गया। ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान उन्हें गवर्नमेंट हाउस विक्टोरिया में आयोजित समारोह में ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और भारतीय राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की धुन भी गूंजी।
गवर्नमेंट हाउस में हुआ औपचारिक स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी सेरेमोनियल कार्यक्रम के लिए गवर्नमेंट हाउस विक्टोरिया पहुंचे, जहां ऑस्ट्रेलियाई सेना ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान दोनों देशों के राष्ट्रीय सम्मान के अनुरूप औपचारिक समारोह आयोजित किया गया।
पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन से भी की मुलाकात
मेलबर्न में प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन से भी मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि स्कॉट मॉरिसन से मिलकर हमेशा अच्छा लगता है और दोनों के बीच भारत-ऑस्ट्रेलिया मित्रता को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
सीईओ फोरम में बिजनेस लीडर्स को किया संबोधित
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम के दौरान मुलाकात की। दोनों नेताओं ने प्रमुख उद्योगपतियों और बिजनेस लीडर्स को संबोधित किया। सीईओ फोरम 2012 से सक्रिय है और वर्ष 2023 में इसे दोनों प्रधानमंत्रियों ने फिर से शुरू किया था। इसका उद्देश्य व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना है।
तीसरे वार्षिक शिखर सम्मेलन की करेंगे सह-अध्यक्षता
पीएम नरेंद्र मोदी और एंथनी अल्बनीज तीसरे भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता भी करेंगे। इस दौरान दोनों नेता व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर-जनरल सैम मोस्टिन से भी मुलाकात करेंगे।
भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत
ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर मेलबर्न में भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया। ठंडे मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय होटल के बाहर एकत्र हुए। ‘भारत माता की जय’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों के बीच प्रधानमंत्री ने लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान स्थानीय कलाकारों ने भारतीय संस्कृति से जुड़ी रंगारंग प्रस्तुतियां भी दीं। प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय के स्नेहपूर्ण स्वागत को अविस्मरणीय बताया।