मंगोलिया के पूर्व राष्ट्रपति और सत्तारूढ़ मंगोलियाई पीपुल्स पार्टी (एमपीपी) के नेता, नंबरिन एनखबायर ने भारत के समर्थन से विकसित किए जा रहे दोर्नोगोवी में तेल रिफाइनरी परियोजना की प्रगति की सराहना की है।
भारत सरकार द्वारा प्रदत्त 1.7 अरब अमेरिकी डॉलर की ऋण रेखा (एलओसी) के समर्थन से कार्यान्वित की जा रही मंगोल तेल शोधन परियोजना, एक प्रमुख पहल और मंगोलिया की सतत ऊर्जा रणनीति का एक महत्वपूर्ण घटक है।
मंगोलिया स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारतीय राजदूत अतुल मलहारी गोत्सुर्वे ने मंगोलिया के पूर्व राष्ट्रपति के साथ दोर्नोगोवी में परियोजना स्थल का दौरा किया और इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड, मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और मंगोल रिफाइनरी के इंजीनियरों और श्रमिकों के साथ बातचीत की।
दूतावास ने कहा कि श्री एनखबायर ने इस मेगा परियोजना की प्रगति की सराहना की और कहा कि इससे भारत-मंगोलिया द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे और मंगोलिया के लिए सतत ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित होगी।