रायपुर । छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं न कहीं बारिश हुई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में अत्यधिक वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेशभर में अगले पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में शुक्रवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा सारंगढ़ में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा लाल बहादुर नगर में 11 सेंटीमीटर तथा सरायपाली, बड़े बचेली और कुसमी में 10-10 सेंटीमीटर बारिश हुई। चिरमिरी और डौंडीलोहारा में 9-9 सेंटीमीटर तथा सरसीवा में 8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। महासमुंद, मुंगेली, भानुप्रतापपुर, डोंगरगांव, छुरिया सहित कई क्षेत्रों में 6 से 7 सेंटीमीटर तथा प्रदेश के अनेक जिलों में 2 से 5 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने शनिवार को सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, दुर्ग और बेमेतरा सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताते हुए अगले तीन घंटों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।