रायपुर । छत्तीसगढ़ में शनिवार से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। कई जिलों में आज भारी बारिश होने के आसार हैं, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में तीन अलग-अलग मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी और अगले तीन से चार दिनों में मानसून शेष क्षेत्रों में भी पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा।
विभाग का कहना है कि कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। बारिश किसानों के लिए लाभदायक मानी जा रही है, हालांकि निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। साथ ही खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से परहेज करने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।