उपराष्ट्रपति और गृहमंत्री ने देशवासियों से 'नशा मुक्त भारत' बनाने के संकल्प को दोहराने का किया आग्रह

Posted on: 2026-06-26


hamabani image

नई दिल्ली, 26 जून। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने आज देशवासियों से नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस पर 'नशा मुक्त भारत' बनाने के सामूहिक संकल्प को दोहराने का आग्रह किया।

उपराष्ट्रपति ने एक्स पर कहा "नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ़ अंतरराष्ट्रीय दिवस पर, आइए हम 'नशा मुक्त भारत' बनाने के अपने सामूहिक संकल्प को दोहराएं। मैं उन विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और संगठनों की सराहना करता हूं जो इस अभियान को सक्रिय रूप से आगे बढ़ा रहे हैं। उनके प्रयास एक मज़बूत, स्वस्थ और नशा-मुक्त भारत बनाने की दिशा में सार्थक योगदान दे रहे हैं। आइए, हम सब मिलकर जागरूकता फैलाएं, नशा छोड़ने की प्रक्रिया से गुज़र रहे लोगों का समर्थन करें और अपने युवाओं को नशे के बजाय उम्मीद, सेहत और जीवन के मकसद को चुनने के लिए प्रेरित करें।"

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने नशीले पदार्थों के दुरुपयोग की वैश्विक चुनौती के खिलाफ़ सबसे मजबूत लड़ाई लड़ी है। इसके तहत नार्को-कार्टेल्स (अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन) को सख्ती से खत्म किया गया है और प्रभावित लोगों का उचित देखभाल तथा सहानुभूति के साथ इलाज किया गया है। यह दिन हमारी युवा पीढ़ी को नशीले पदार्थों से बचाने के हमारे संकल्प को और मजबूत करे।