घर में झटपट कैसे बनाएं कनपुरिया स्टाइल आलू धनिया

Posted on: 2026-06-24


hamabani image

 अगर आप भी चटपटा खाने के शौकीन हैं और खोज रहे हैं कुछ ऐसी डिस जो मिनटों में बनकर तैयार हो जाए और स्वाद भी ऐसा हो कि जुबान को छू जाए तो कानपुर का मशहूर आलू धनिया आपके लिए एक परफेक्ट विकल्प हो सकता है. यह सिर्फ एक डिश नहीं, बल्कि कानपुर की गलियों का वो मशहूर स्ट्रीट फूड है जिसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है.

उबले हुए आलुओं पर लिपटी तीखी हरी धनिया की चटनी और ऊपर से सरसों के तेल का वो कनपुरिया तड़का जिसकी खुशबू ही किसी को भी अपना दीवाना बना ले. आइए जान लेते हैं इसको बनाने को संपूर्ण विधि. 

आलू धनिया का अतरंगी इतिहास 

आलू धनिया की रेसिपी जानने से पहले आइए जानते हैं इसके बारे में कुछ और बातें, आलू धनिया को धनिया के आलू के नाम से भी जाना जाता है और ये उत्तर प्रदेश में खाई जाने वाली एक बहुत ही चटपटी डिश है. खासतौर से कानपुर में इसे खूब पसंद किया जाता है. इसीलिए ही तो वहां की ज्यादातर चाट की दुकानों पर आपको आलू धनिया मिल जाते हैं. कुछ लोग इन्हें चटनी के आलू भी कहते हैं. वहीं, बात करें इसके इतिहास की तो इसकी शुरुआत 1970 के आसपास कानपुर के स्थानीय चाट विक्रेताओं ने की थी. वैसे आलू चाट की उत्पत्ति तो उत्तर प्रदेश में हुई ही थी, लेकिन कानपुर के लोगों ने अपने अतरंग का परिचय देते हुए इसमें हरी धनिया को एड करके इसे एक नया ट्विस्ट दे दिया. आइए अब जानते हैं इसको बनाने का आसान तरीका. 

आवश्यक सामग्री

उबले आलू- 4-5 (मीडियम आकार के)

हरा धनिया- 1 बड़ा कप (बारीक कटा हुआ)

हरी मिर्च- 2-3 

अदरक- 1 इंच का टुकड़ा

सरसों का तेल- 1-2 बड़े चम्मच

जीरा- 1 छोटा चम्मच

हींग- 2 चुटकी

नींबू का रस- 1 छोटा चम्मच 

नमक- स्वादानुसार

बनाने के झटपट विधि 

कनपुरिया स्टाइल चटपटे धनिया के आलू बनाने के लिए सबसे पहले आपको 4 से 5 उबले हुए आलुओं को छीलकर छोटे और चौकोर टुकड़ों में काट लेना है. इसके बाद इसकी मुख्य जान यानी तीखी हरी चटनी तैयार करने के लिए एक मिक्सर जार में एक बड़ा कप साफ धुला हुआ हरा धनिया, 3 से 4 हरी मिर्च और एक इंच अदरक का टुकड़ा डालना है. साथ ही इसमें बहुत थोड़ा सा पानी मिलाकर एक गाढ़ा और महीन पेस्ट बना लेना है. फिर इस पिसे हुए पेस्ट यानी चटनी को एक कटोरी में निकाल लेना है और उसमें स्वाद बढ़ाने के लिए एक छोटा चम्मच चाट मसाला, आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर, आधा छोटा चम्मच काला नमक और स्वादानुसार सादा नमक मिला देना है.  

इसके बाद चटनी में दो चम्मच ताजा नींबू का रस निचोड़ना है , ऐसा करने से इसका तीखापन बैलेंस होगा और चटनी का रंग बिल्कुल हरा-भरा बना रहेगा. अब एक बड़े मिक्सिंग बाउल में कटे हुए उबले आलू लेना है और उसके ऊपर यह तैयार चटपटी धनिया की चटनी डाल देना है. इसके बाद चम्मच की मदद से या बर्तन को हिलाकर आलुओं को हल्के हाथों से तब तक टॉस करना है, जब तक कि चटनी की एक गाढ़ी परत हर एक आलू के टुकड़े पर अच्छी तरह से लिपट न जाए. इस स्टेप पर ध्यान रहे कि आलू फूटे नहीं. लीजिए आपका कनपुरिया स्ट्रीट स्टाइल आलू धनिया तैयार है, इसे टूथपिक लगाकर परोसें.