डलास (अमेरिका), 21 जून। मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) में एमआई न्यू यॉर्क से खेलते हुए दिग्गद खिलाड़ी कायरन पोलार्ड ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। पोलार्ड टी-20 क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में अपने हमवतन दिग्गज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया है।
पोलार्ड ने एमएलसी 2026 में वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ शानदार शतक जड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 56 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इस शतकीय पारी के बाद पोलार्ड के टी-20 क्रिकेट में कुल रन 14,582 हो गए, जबकि क्रिस गेल के नाम 14,562 रन दर्ज हैं। इस तरह पोलार्ड टी20 क्रिकेट के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इन दोनों खिलाड़ियों के बाद एलेक्स हेल्स (14,449), जोस बटलर (14,371), डेविड वार्नर (14,284) और विराट कोहली (14,218) के नाम हैं।
हालांकि, मुकाबले में पोलार्ड की ऐतिहासिक पारी उनकी टीम को जीत नहीं दिला सकी। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए वॉशिंगटन फ्रीडम ने पांच विकेट पर 245 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में एमआई न्यू यॉर्क की टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 215 रन ही बना सकी और मुकाबला 30 रन से हार गई।
पोलार्ड सिर्फ रन बनाने के मामले में ही नहीं, बल्कि टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने अपने करियर में 736 टी20 मुकाबले खेले हैं, जो इस फॉर्मेट में एक रिकॉर्ड है। उनके नाम दो शतक और 67 अर्धशतक शामिल हैं। पोलार्ड इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने 700 से ज्यादा टी20 मैच खेले हैं।
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान पोलार्ड अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अब भी सक्रिय हैं। हालांकि वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में नहीं खेलते हैं। मुंबई इंडियंस के लिए लंबे समय तक खेलने वाले पोलार्ड आईपीएल से भी संन्यास ले चुके हैं और फिलहाल टीम के बल्लेबाजी कोच की भूमिका निभा रहे हैं।