सूरत (गुजरात), 19 जून । केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों की राज्यमंत्री रक्षा खडसे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस लक्ष्य को हासिल करने में युवा शक्ति तथा नारी शक्ति की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है।
केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे शुक्रवार को अपने सूरत दौरे के दौरान वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुईं। प्रधानमंत्री मोदी के सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम के तहत उन्होंने स्वच्छता अभियान में भाग लेकर स्वयं झाड़ू लगाई तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया। इस दौरान उन्होंने एनएसएस एवं ‘माय भारत’ के युवा स्वयंसेवकों से संवाद कर राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर चर्चा की।
उन्होंने इस दौरान पत्रकारों से चर्चा में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिना किसी अवकाश के देश सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और सभी जनप्रतिनिधियों को भी जनता का सेवक बनकर कार्य करने की प्रेरणा दी है। विपक्षी दलों के सांसदों के भाजपा और एनडीए में शामिल होने के सवाल पर रक्षा खडसे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विकासवादी दृष्टिकोण और सुशासन से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता एनडीए का हिस्सा बन रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होने पर भारत विश्व के सामने एक आदर्श राष्ट्र के रूप में खड़ा होगा। इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं और महिलाओं की सहभागिता सबसे अहम होगी। उन्होंने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए महिलाओं और युवाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में लाना समय की आवश्यकता है।