लखनऊ, 14 जून। विश्व हिन्दू परिषद इस वर्ष सितंबर माह से वर्षभर देशभर में अशोक सिंहल की जन्म शताब्दी मनाएगी। जन्म शताब्दी समारोह के तहत देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। इसके लिए एक केन्द्रीय स्तर पर और एक प्रान्त पर समिति बनेगी। इसी समिति के तहत सारे कार्यक्रम संपन्न होंगे।
रविवार काे विश्व हिन्दू परिषद के प्रवक्ता अम्बरीष ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि शताब्दी समारोह समिति के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा अयोध्या में 27 व 28 जून को होने वाली केन्द्रीय प्रबन्ध समिति की बैठक में बनेगी। यह बैठक श्रीराम सेवक पुरम स्थित तीर्थ यात्री निवास में होगी। इस बैठक में विहिप के केन्द्रीय महामंत्री संगठन मिलिंद परांडे, केन्द्रीय सह संगठन मंत्री विनायक राव देशपाण्डे, विहिप के अध्यक्ष आलोक कुमार एडवोकेट, केन्द्रीय महामंत्री बजरंग लाल बांगड़ा सहित परिषद के सभी केन्द्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र के पदाधिकारी तथा देशभर के सभी प्रान्तों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
प्रवक्ता अम्बरीष ने बताया कि केन्द्रीय प्रबन्ध समिति की बैठक में अशोक सिंहल की जन्म शताब्दी मनाने की कार्ययोजना पर अंतिम मुहर लगेगी। अम्बरीष ने बताया कि हिन्दुओं के शौर्य को जाग्रत करने वाले सामाजिक समरसता के अग्रदूत, हिन्दुत्व के पुरोधा,विश्व के सबसे बड़े जनांदोलन श्रीराम जन्मभूमि आन्दोलन के सर्वोच्च सेनापति पूज्य अशोक सिंहल के योगदान के बारे में जन्म शताब्दी वर्ष के दौरान समाज को बताया जायेगा। अशोक सिंहल का जन्म 27 सितंबर, 1926 को महावीर सिंह और विद्यावती के घर हुआ था। उनके पिता अलीगढ़ जिले के बिजोली गांव के निवासी थे।
विजय प्रताप की देखरेख में चल रही बैठक की तैयारियाँ
केन्द्रीय प्रबन्ध समिति की बैठक को सकुशल संपन्न कराने के लिए अयोध्या में बैठक भी हो चुकी है। विहिप के केन्द्रीय महामंत्री संगठन मिलिंद परांडे की उपस्थिति में हुई बैठक में क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह ने प्रान्तीय पदाधिकारियों को जिम्मेदारी भी बांट दी है। अवध प्रान्त के प्रान्त संगठन मंत्री विजय प्रताप की देखरेख में बैठक की तैयारियाँ चल रही हैं।