निगम ने किराया नहीं चुकाने वाले 15 दुकानें की सील, एक लाख 42 हजार की हुई वसूली

Posted on: 2026-06-06


hamabani image

जगदलपुर, 06 जून। नगर पालिक निगम जगदलपुर ने सालों से किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए आज शनिवार काे संजय बाजार इलाके में 15 दुकानों को सील कर दिया । निगम की राजस्व टीम ने बकायादारों से एक लाख 42 हजार 640 रुपये की वसूली भी की। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, निगम की स्वामित्व वाली करीब 60 दुकानों पर लगभग 40 लाख रुपये का किराया बकाया है। बकायादार दुकानदारों को कई बार नोटिस जारी कर भुगतान करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद किराया जमा नहीं किया गया।

इसके बाद नगर पालिक निगम जगदलपुर आयुक्त के निर्देश पर राजस्व विभाग ने सीलिंग अभियान शुरू किया। संजय बाजार में हुई कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकानदारों को अंतिम चेतावनी देते हुए बकाया राशि जमा करने को कहा, लेकिन भुगतान नहीं होने पर 15 दुकानों को सील कर दिया गया। निगम अधिकारियों का कहना है कि ऐसे में किराया नहीं चुकाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्हाेंने स्पष्ट किया कि शत-प्रतिशत वसूली तक अभियान लगातार चलाया जाएगा। इस कार्रवाई में राजस्व विभाग की टीम के सदस्य मीनाक्षी नाग, राजस्व निरीक्षक रक्षिता यादव, हरिदास मिश्रा, मुन्ना नायक सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

नगर निगम के राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा के अनुसार निगम की करीब 60 दुकानों पर लगभग 40 लाख रुपये का किराया बकाया है। कई बार नोटिस जारी करने और चेतावनी देने के बावजूद दुकानदारों ने राशि जमा नहीं की। निगम का कहना है कि सरकारी संपत्तियों का किराया समय पर जमा करना जरूरी है, लेकिन कुछ लोग वर्षों से किराया दबाकर बैठे हैं। इसी वजह से अब निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।