भोपाल, 06 जून । मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दोनों उम्मीदवार तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल ने शनिवार को दोपहर में विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की रिक्त तीन सीटों के लिए आगामी 18 जून को मतदान होना है। भाजपा ने दो सीटों के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा के दोनों उम्मीदवार शनिवार को दोपहर करीब 12:30 बजे विधानसभा पहुंचे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय समेत समेत अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अपना नामांकन दाखिल किया।
नामांकन दाखिल करने से पहले प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी विधायकों की एक बैठक हुई। इसमें दोनों उम्मीदवारों तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल के अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में चुनाव की रणनीति और एकजुटता को लेकर चर्चा हुई।
बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और दोनों उम्मीदवार भाजपा कार्यालय परिसर में स्थित शिव और हनुमान मंदिर पहुंचे। वहां नेताओं ने जीत के लिए पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इसके बाद करीब 15 से ज्यादा कारों के भारी काफिले के साथ सभी नेता विधानसभा के लिए रवाना हुए। विधानसभा पहुंचकर भाजपा उम्मीदवारों ने रिटर्निंग अधिकारी कक्ष में अपना नामांकन जमा किया।