धमतरी, 29 मई । धमतरी जिले में अपराधों की रोकथाम और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने जनजागरूकता एवं सघन निगरानी अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में ग्राम स्तर पर बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और कोटवारों को सतर्कता एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जा रही है।
थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा शुक्रवार काे आयोजित बैठकों में ग्राम कोटवार, सरपंच, ग्राम पटेल, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि गांवों में आने वाले बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों, फेरीवालों और अनजान लोगों की अनिवार्य रूप से मुसाफिरी दर्ज कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिन नागरिकों की सूचना से अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी, उन्हें उचित मंच पर सम्मानित भी किया जाएगा।
बैठकों में सामुदायिक सतर्कता बढ़ाने, मंदिर परिसरों में निगरानी रखने, किराएदारों एवं तंबू-डेरा लगाने वालों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने तथा रात्रि गश्त और सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी, अनजान लिंक विशेषकर एपीके फाइल, फर्जी कॉल और साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही नशा मुक्ति अभियान और यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा का पालन करने की अपील की गई। मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने के खतरों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। धमतरी पुलिस का कहना है कि जनसहभागिता और ग्रामीणों के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में लगातार जागरूकता एवं समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं।