रायपुर । मालवीय
रोड स्थित दिगंबर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ) में बुधवार शाम 7:30
बजे एक विशेष प्रार्थना एवं शोक सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में विश्व
में हो रही हिंसा के शिकार मूक प्राणियों और दिवंगत जैन साध्वियों को भावभीनी
श्रद्धांजलि दी गई।
दिगंबर जैन मंदिर पंचायत ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में
वर्तमान समय में पूरे विश्व में हो रही भयंकर हिंसा पर गहरी चिंता और संवेदनशीलता
व्यक्त की गई। हिंसा के शिकार हुए बेजुबान प्राणियों की आत्म-शांति और विश्व में
दया-करुणा की भावना के प्रसार के लिए समाजजनों ने एकजुट होकर एक घंटे तक सामूहिक
णमोकार मंत्र का श्रद्धापूर्वक पाठ किया।
इस अवसर पर जैन समाज के लिए अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए
आर्यिका श्रुतमति माताजी एवं आर्यिका उपशम मति माताजी की पावन आत्मा की शांति हेतु
मौन श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित जनसमूह ने माताजियों के त्याग, तपस्या
और ज्ञान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में दिगंबर जैन मंदिर पंचायत ट्रस्ट की
कार्यसमिति, आदिनाथ
दिगम्बर जैन महिला मंडल (मालवीय रोड, रायपुर) के सदस्यों सहित रायपुर जैन समाज के प्रबुद्ध नागरिक, बड़ी संख्या में महिलाएँ, पुरुष और युवा वर्ग
विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने अत्यंत अनुशासित और भक्तिमय माहौल में जीवों के
प्रति दया और पूजनीय संतों के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की।