सादगी, स्पष्टवादिता और कार्यकुशलता के प्रतीक थे खंडूड़ी : किरण देव

Posted on: 2026-05-19


hamabani image

रायपुर 19 मई । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ राजनेता जनरल (सेवानिवृत्त) भुवनचंद्र खंडूड़ी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। देव ने अपने शोक संदेश में खंडूड़ी के देहावसान को उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्रीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने कहा कि स्व. खंडूड़ी का लम्बा और गौरवशाली सार्वजनिक जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। वे न केवल एक कुशल प्रशासक थे, बल्कि सादगी, स्पष्टवादिता और शुचिता की प्रतिमूर्ति थे। उनका निधन भाजपा सरकार व संगठन के लिए एक अत्यंत दु:खद क्षण है। देव ने उत्तराखंड के विकास में उनके अभूतपूर्व योगदान को याद करते हुए कहा कि स्व. खंडूड़ी ने मुख्यमंत्री रहते हुए प्रदेशहित में अनेक महत्वपूर्ण एवं कड़े निर्णय लिए, जिसने राज्य के विकास को एक नई और सही दिशा प्रदान की।

भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी जीरो टॉलरेंस की नीति और पारदर्शी कार्यशैली आज भी अनुकरणीय है। देव ने कहा कि पिछले कुछ समय से उनके अस्वस्थ होने के चलते उनके आवास पर लगातार राजनेताओं और शुभचिंतकों का तांता लगा हुआ था, जो उनके प्रति जनता के अगाध प्रेम और सम्मान को दर्शाता है। देव ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि बाबा केदारनाथ और बद्रीविशाल से प्रार्थना है कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों व उनके करोड़ों समर्थकों को इस असहनीय दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें।