राष्ट्रपति मुर्मु ने फखरुद्दीन अली अहमद को अर्पित की श्रद्धांजलि

Posted on: 2026-05-13


hamabani image

नई दिल्ली, 13 मई । देश के पूर्व राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद की जयंती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और कांग्रेस सांसद डॉ सैयद नसीर हुसैन ने एक्स पोस्ट में उन्हें श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट में लिखा गया कि भारत के पूर्व राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद को उनकी जयंती पर राष्ट्रपति भवन में पुष्पांजलि अर्पित की।केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पोस्ट में जयंती पर विनम्र अभिवादन किया। वहीं, कांग्रेस सांसद डॉ सैयद नसीर हुसैन ने कहा कि फखरुद्दीन अली अहमद का राष्ट्र के प्रति समर्पण और संवैधानिक मूल्यों व लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

उल्लेखनीय है कि फखरुद्दीन अली अहमद भारत के पांचवें राष्ट्रपति थे। उनका जन्म 13 मई 1905 को दिल्ली में हुआ था और निधन 11 फरवरी 1977 को कार्यकाल के दौरान ही नई दिल्ली में हुआ। वह पेशे से वकील थे और स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाई थी। 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। जवाहरलाल नेहरू के करीबी सहयोगी रहे अहमद ने असम से राजनीति की शुरुआत की और कई बार सांसद चुने गए। उन्होंने केंद्र सरकार में शिक्षा, सिंचाई एवं ऊर्जा, उद्योग और कृषि जैसे मंत्रालयों का दायित्व संभाला।

वह 1974 से 1977 तक राष्ट्रपति रहे और उनके कार्यकाल में ही 1975 में आपातकाल लागू हुआ था। वह भारत के दूसरे राष्ट्रपति थे जिनका कार्यकाल के दौरान निधन हुआ। उनके योगदान को मान्यता देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने 1976 में फखरुद्दीन अली अहमद मेमोरियल समिति गठित की, जो आज भी उर्दू, अरबी और फारसी के विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और छात्रवृत्ति प्रदान करती है। समिति पीएचडी और डी.लिट. शोधार्थियों को उर्दू साहित्य और भाषा के प्रचार‑प्रसार के लिए वित्तीय सहायता भी देती है।