यूपी। आगरा के थाना कमला नगर क्षेत्र में यमुना नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया है। यहां छह बच्चे डूब गए हैं। पुलिस और पीएसी की टीम ने पांच बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां कान्हा, रिया और महक की मौत हो गई। काजल और अंशू का इलाज जारी है, जबकि एक बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चल रहा है। कमला नगर क्षेत्र में मंगलवार को यमुना नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में उतरे छह बच्चे अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। देखते ही देखते सभी डूबने लगे, जिसके बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना कमला नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पीएसी की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय तैराकों की मदद से पांच बच्चों को यमुना से बाहर निकाल लिया गया। सभी को गंभीर हालत में तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उपचार के दौरान कान्हा, रिया और महक की मौत हो गई। जबकि काजल और अंशू की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, एक अन्य बच्चे की तलाश के लिए देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। गोताखोर लगातार नदी में सर्च अभियान चला रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने आसपास के घाटों और किनारों पर भी तलाश तेज कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्चे नदी किनारे नहा रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और संतुलन बिगड़ने से डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में अन्य बच्चे भी पानी में फंस गए। मदद के लिए चीखने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़े और बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और मातम का माहौल है। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे की चर्चा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौके पर पुलिस और पीएसी की टीम लगातार मौजूद है। लापता बच्चे की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के दिनों में बड़ी संख्या में बच्चे और युवक यमुना किनारे नहाने पहुंचते हैं, लेकिन कई घाटों पर सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। नदी की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा न लग पाने से अक्सर हादसे हो जाते हैं। लोगों ने प्रशासन से खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।