लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी (एनएनए )के मुताबिक, दक्षिणी लेबनान के कस्बों पर इजरायली हवाई हमलों में कम से कम दो लोग मारे गए और पांच अन्य घायल हो गए। युद्धविराम समझौते के बावजूद इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच सैन्य झड़पें जारी हैं। युद्धक विमानों ने कफर रेम्मान कस्बे पर बार-बार हमले किए।
वहीं, हिजबुल्लाह ने दक्षिण में इस्राएली जमीनी ठिकानों को निशाना बनाते हुए ड्रोन हमले तेज कर दिए। कूटनीतिक मोर्चे पर पश्चिम एशिया में चल रहे व्यापक संघर्ष को सुलझाने के प्रयासो को धक्का लगा है। अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने शांति प्रस्ताव पर ईरान की प्रतिक्रिया को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया।
वहीं, तेहरान ने पलटवार करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने जोर देकर कहा कि प्रतिक्रिया अत्यधिक नहीं थी और वाशिंगटन पर अनुचित मांगें रखने का आरोप लगाया। ईरान ने अमरीकी नौसैनिक नाकाबंदी हटाने, होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपने संप्रभुता दावों की मान्यता और संघर्ष से संबंधित नुकसान के मुआवजे की मांग की है।