भारत ने अप्रैल माह में 256.1 गीगावाट (जीडब्ल्यू) की अब तक की उच्चतम बिजली मांग को बिना किसी कमी के पूरा करके एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह जानकारी नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने आज सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से साझा की।
श्री जोशी ने कहा कि इस उपलब्धि में सौर ऊर्जा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने आगे कहा कि व्यस्त समय में कुल बिजली उत्पादन में सौर ऊर्जा का योगदान लगभग 21 प्रतिशत रहा, जिसमें सबसे अधिक मांग के समय 57 गीगावाट और दोपहर के समय लगभग 81 गीगावाट बिजली का उत्पादन हुआ। उन्होंने कहा कि यह विकास देश के ऊर्जा मिश्रण में एक संरचनात्मक बदलाव को दर्शाता है, जहां स्वच्छ और नवीकरणीय स्रोत ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत कर रहे हैं और बढ़ती मांग को पूरा कर रहे हैं।