कढ़ी के पकौड़े बनाते समय कर लिया ये काम तो हमेशा रहेंगे मुलायम, काम की है ये ट्रिक

Posted on: 2026-04-28


hamabani image

Soft Pakora Tips: कढ़ी भारत की एक बहुत ही लोकप्रिय और पारंपरिक डिश है, जिसे खासकर उत्तर भारत जैसे पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में खूब पसंद किया जाता है. दही और बेसन से बनी यह डिश अपने खट्टे-तीखे स्वाद के लिए बहुत प्रसिद्ध है. अलग-अलग राज्यों में इसे बनाने का तरीका थोड़ा अलग होता है, लेकिन कढ़ी पकौड़े का कॉम्बिनेशन हर जगह लोगों की पहली पसंद होता है.

इस डिश का असली मजा तभी आता है जब इसके पकौड़े मुलायम और स्पंजी बनें, लकिन अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि पकौड़े सख्त बन जाते हैं या कढ़ी में डालते ही कठोर हो जाते हैं. इसका कारण छोटी-छोटी गलतियां होती हैं, जिन पर हम ध्यान नहीं देते. साथ ही अगर सही तरीके से बैटर तैयार किया जाए और कुछ आसान ट्रिक अपनाई जाए, तो पकौड़े हमेशा नरम बनते हैं.

बैटर तैयार करते समय ध्यान रखने वाली बातें

पकौड़ों को मुलायम बनाने के लिए सबसे पहले आपको बेसन और पानी की मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है. उसके लिए सबसे पहले बेसन को अच्छी तरह से थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए तब तक फेंटते रहें, जब तक कि बेसन से बुलबुले न आने लगे, ताकि उसमें हवा भर जाए इससे पकौड़े हल्के बनते हैं. बेसन या किसी भी दूसरी चीज को फेंटते समय ध्यान रखें कि चम्मच हमेशा एक ही दिशा में घुमाए. साथ ही घोल ज्यादा पतला या ज्यादा गाढ़ा नहीं होना चाहिए, बल्कि मध्यम गाढ़ापन होना चाहिए. वही अगर बेसन पानी के ऊपर तैरने लगे तो समझिए बेसन अच्छी तरह से फेंट लिया है. साथ ही इसमें एक चुटकी बेकिंग सोडा डालने से भी पकौड़े फूले और नरम बनते हैं. इसके अलावा घोल को 10 से 15 मिनट के लिए रख दें, इससे बेसन अच्छी तरह सेट हो जाता है और पकौड़े बेहतर बनते हैं

तलने और भिगोने की सही ट्रिक

पकौड़ों को तलते समय तेल का तापमान सही होना चाहिए. अगर तेल बहुत ठंडा होगा तो पकौड़े तेल ज्यादा सोख लेंगे और सख्त हो सकते हैं. वहीं बहुत ज्यादा गरम तेल में पकौड़े बाहर से जल सकते हैं और अंदर से कच्चे रह जाते हैं. इसलिए पकौड़ो को माध्यम आंच पर ही पकाए इससे, पकौड़े अच्छे से फ्राय होते हैं. एक खास ट्रिक यह है कि पकौड़े तलने के बाद उन्हें हल्के गुनगुने पानी में 5 से 10 मिनट के लिए डाल दें. फिर हल्के हाथ से पानी निचोड़कर कढ़ी में डालें. इससे पकौड़े बेहद मुलायम और रसदार बन जाते हैं. 

कढ़ी में डालने का सही तरीका और फाइनल टिप

जब कढ़ी तैयार हो जाए, तब पकौड़ों को उसमें डालकर कुछ देर धीमी आंच पर पकाएं. इससे पकौड़े कढ़ी का स्वाद अच्छे से सोख लेते हैं.  ध्यान रखें कि कढ़ी ज्यादा गाढ़ी या ज्यादा पतली न हो, क्योंकि इसका असर भी पकौड़ों की बनावट पर पड़ता है. अगर आप चाहते हैं कि पकौड़े लंबे समय तक मुलायम रहें, तो कढ़ी को धीमी आंच पर ही पकाएं तेज आंच पर न उबले.  इस आसान ट्रिक को अपनाकर आप हर बार परफेक्ट, नरम और स्वादिष्ट कढ़ी पकौड़े बना सकते हैं.