दक्षिण चीन के किनझोऊ में भारी बारिश से चरमराई व्यवस्था, हजारों कारें जलमग्न

Posted on: 2026-04-28


hamabani image

दक्षिण चीन के किनझोऊ में भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सभी व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। सड़कों पर पानी भरने से हजारों कारें जलमग्न हो गई हैं।

किनझोऊ:चीन के दक्षिणी गुआंग्शी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र में रविवार सुबह से सोमवार तक भारी बारिश के कारण हजारों कारें जलमग्न हो गई हैं। इससे पूरी व्यवस्था चरमरा गई है। सड़कें जलमग्न हैं। लोगों के घरों और दुकानों तक में पानी घुस चुका है। सड़कों पर लोगों को नाव चलानी पड़ रही है। बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित ठिकानों की ओर भेजा जा रहा है। 

किनझोऊ में सबसे ज्यादा बारिश 

चीन के ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार इस बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र किनझोऊ रहा। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार किनझोऊ के किननान जिले के जिउलॉन्ग कस्बे में सबसे ज्यादा 362.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो अत्यंत भारी बारिश की श्रेणी में आती है। वहीं सोमवार सुबह 4 बजे एक घंटे में 143.3 मिलीमीटर बारिश हुई। सोमवार सुबह 6 से 8 बजे के बीच किनझोऊ के शहरी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में 200 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी कि इससे बेहद गंभीर जलभराव हो सकता है। सोमवार सुबह 10 बजे किनझोऊ मौसम विभाग ने रेड अलर्ट (लाल चेतावनी) जारी किया। 

इन इलाकों में भी हुई भारी बारिश

सुबह 9 से 10 बजे के बीच विभिन्न इलाकों में भारी बारिश हुई। इनमें डोंगचांग में 69 मिमी, नाली में 66 मिमी, चीन-मलेशिया किनझोऊ इंडस्ट्रियल पार्क में 59 मिमी और दाफानपो में 53 मिमी बारिश दर्ज की गई। दोपहर तक बारिश के बादल दक्षिण-पूर्व दिशा की ओर बढ़ रहे थे। किननान जिले के कुछ इलाकों में दोपहर में 20 से 40 मिलीमीटर बारिश होने की संभावना थी, जबकि कुछ स्थानों पर 60 मिमी से ज्यादा बारिश हो सकती थी। साथ में बिजली चमकने और तेज हवाओं का भी खतरा था। पहाड़ी इलाकों में बाढ़, भूस्खलन और शहरी-ग्रामीण जलभराव का खतरा अभी भी उच्च स्तर पर बना हुआ है।

फ्लड कंट्रोल इमरजेंसी एक्टिव

स्थानीय प्रशासन ने सोमवार सुबह लेवल III फ्लड कंट्रोल इमरजेंसी (तीसरी श्रेणी की बाढ़ नियंत्रण आपातकालीन प्रतिक्रिया) सक्रिय कर दी है। किनझोऊ अग्निशमन और बचाव टीम को सुबह 6 बजे से कई फोन कॉल आए, जिसमें लोग बाढ़ में फंसे होने की सूचना दे रहे थे। बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। सोमवार सुबह 11 बजे तक बचाव टीम ने जलभराव से संबंधित 23 आपातकालीन कॉल्स का जवाब दिया, 25 फायर ट्रक्स और 150 कर्मियों को भेजा तथा 30 फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला।