बीजापुर में रसोई गैस की आपूर्ति हुई बाधित, वितरण में पारदर्शिता की कमी

Posted on: 2026-04-27


hamabani image

बीजापुर, 27 अप्रैल ।बीजापुर जिले में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने से आम लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों के बाहर घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है, इसके बावजूद समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 4 दिनों से गैस की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। कई परिवारों को मजबूरी में लकड़ी और अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्राहकों ने आरोप लगाया है कि गैस एजेंसियों द्वारा सही जानकारी नहीं दी जा रही है, और वितरण में पारदर्शिता की कमी है। वहीं, कुछ स्थानों पर कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।

उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि गैस आपूर्ति को जल्द सुचारू किया जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।