प्रधानमंत्री मोदी के आगमन काे लेकर मुख्यमंत्री तमांग ने लाेगाें काे किया आश्वस्त

Posted on: 2026-04-27


hamabani image

गंगटोक, 27 अप्रैल । मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हेलीकॉप्टर से सिक्किम आना मुमकिन नहीं हुआ तो वे सड़क के रास्ते से सिक्किम आएंगे। मुख्यमंत्री ने यह बात साेमवार काे राजधानी में प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत का इंतजार कर रहे राज्य के लोगों को संबोधित करते हुए कही। उन्हाेंने यह भी कहा कि अगर प्रधानमंत्री सड़क के रास्ते आते हैं, तो वह शाम 6:30 बजे तक गंगटोक पहुंचेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिन के दौरे पर सिक्किम आ रहे हैं। उनका दोपहर 3 बजे राजधानी के पास लिविंग में आर्मी हेलीपैड पर उतरने का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरे राज्य से लोग राजधानी में जमा हुए हैं। मुख्यमंत्री ने सुबह से लाइन में इंतजार कर रहे लोगों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री तमांग ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज दो दिन के दौरे पर सिक्किम पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर से आने का कार्यक्रम दोपहर 3 बजे है। अगर प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से नहीं आ पाते हैं तो वे सिक्किम के लोगों के लिए सड़क के रास्ते (नेशनल हाईवे 10) से आएंगे। यदि ऐसा होता है तो वह सड़क के रास्ते सिक्किम आने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर प्रधानमंत्री सड़क के रास्ते आते हैं, तो वह शाम 6:30 बजे तक गंगटोक पहुंच जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री का इंतजार कर रहे लोगों से प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए उत्साह के साथ बैठने को कहा। हालांकि, अगर प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से आते हैं, तो उन्होंने कहा कि वह दोपहर 3 बजे तक यहां पहुंच जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि, राष्ट्रीय राजमार्ग 10 एकमात्र ऐसा राजमार्ग है जो सिक्किम को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है। यह मार्ग उत्तरी बंगाल से शुरू होकर सिक्किम में समाप्त होता है। पिछले साल भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खराब मौसम के कारण सिक्किम नहीं पहुँच पाए थे।