यूपी: मिर्जापुर में ट्रक-बोलेरो की टक्कर में 11 लोगों की मौत, PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

Posted on: 2026-04-23


hamabani image

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई . यह हादसा इतना भयावह था कि एक बोलेरो गाड़ी में आग लगने से उसमें सवार 9 लोग जिंदा जल गए . घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य में जुटी टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी .

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 8:30 बजे ड्रमंडगंज घाटी में चार वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई . इस टक्कर के बाद बोलेरो में आग लग गई, जिसमें चालक समेत 9 लोग जिंदा जल गए . वहीं, एक अन्य कार के चालक और ट्रक के खलासी की भी वाहन के नीचे दबने से मौत हो गई .

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं . टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बोलेरो से 9 शवों को बाहर निकाला, जबकि क्षतिग्रस्त ट्रक और कार में फंसे दो अन्य शवों को भी निकाला गया . जिंदा जले 9 लोगों समेत कुल 10 मृतकों की पहचान कर ली गई है . पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने इस हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है .

राष्ट्रपति ने जताया शोक
मिर्जापुर सड़क हादसे पर राष्ट्रपति  ने गहरा दुख व्यक्त किया है . उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु के बारे में जानकर उन्हें गहरा दुख हुआ है . उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति वह गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हैं .

पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री ने भी इस हादसे पर दुख जताया है . उन्होंने कहा कि मिर्जापुर में हुई इस दुर्घटना में लोगों की जान जाने से वे बेहद दुखी हैं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं . प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष से मुआवजे का ऐलान किया है . पीएमओ के अनुसार, इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी .