स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले शहर में सफाई अभियान शुरू

Posted on: 2026-04-18


hamabani image

धमतरी, 18 अप्रैल।आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण और बारिश सीजन के पहले नगर निगम धमतरी ने शहर में व्यापक सफाई अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के दूसरे दिन शुक्रवार को जमातखाना लाइन, परशुराम चौक एवं सोरिद क्षेत्र सहित विभिन्न वार्डों में नालों और नालियों की विशेष सफाई कराई गई।

नगर निगम के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफाई अमला पूरी सक्रियता के साथ मैदान में काम कर रहा है। बड़े नालों से लेकर छोटी नालियों तक जमी गंदगी, कचरा और गाद को हटाने के लिए मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। वहीं कई जगहों पर सफाई कर्मचारी सुरक्षा उपकरणों के साथ नालों में उतरकर सफाई कार्य कर रहे हैं। निगम द्वारा नालों के किनारे उगी झाड़ियों को हटाने और जल प्रवाह को सुचारू बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा छोटी नालियों को बड़े नालों से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है ताकि बारिश के दौरान पानी निकासी बिना रुकावट हो सके और जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। सड़कों के किनारे जमा कचरे को नियमित रूप से उठाकर ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचाया जा रहा है। साथ ही कचरा पृथक्करण, पालीथिन प्रतिबंध और जनजागरूकता पर भी जोर दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य सभापति नीलेश लूनिया ने बताया कि सफाई को जन आंदोलन का रूप देना आवश्यक है। निगम अपने स्तर पर पूरी मेहनत कर रहा है लेकिन शहरवासियों के सहयोग के बिना स्वच्छता का लक्ष्य अधूरा रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे कचरा निर्धारित स्थान पर ही दें और प्लास्टिक का उपयोग कम करें। निगम का लक्ष्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाना है। जिसके लिए हर स्तर पर लगातार प्रयास जारी हैं।