तय समय सीमा 31 मार्च तक शीर्ष 10 नक्सली व 50 साथी निशाने पर

Posted on: 2026-03-21


hamabani image

जगदलपुर, 21 मार्च । बस्तर संभाग में सुरक्षाबल,नक्सलियों के सफाए के लिए लगातार कोर इलाके अबूझमाड़ व नेशनल पार्क क्षेत्र में ऑपरेशन चला रही है। सुरक्षाबलाें का अंतिम लक्ष्य बस्तर से वामपंथी उग्रवाद का पूर्ण उन्मूलन करना है। अलग अलग सुरक्षाबलाें के हजारों जवान इस वक्त जंगल में उतरे हुए हैं। इनका लक्ष्य उन संभावित इलाकों में है, जहां बचे हुए नक्सली हो सकते हैं। अभियान के साथ ही बचे हुए नक्सलियों से लगातार समर्पण की अपील पुलिस के अलावा नक्सलियों के परिजनों द्वारा भी की जा रही है।

बता दें कि सुरक्षाबलाें के निशाने पर अब गिनती के बचे हुए नक्सल कैडर हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार इनमें 2 सेंट्रल कमेटी सदस्य सहित शीर्ष 10 नक्सली व उनके लगभग 50 शसस्त्र नक्सली साथी शामिल हैं। अब जब मिशन 2026 के समापन में मात्र 10 दिन शेष हैं, बस्तर पुलिस एवं अन्य तैनात सुरक्षाबल उच्चतम स्तर की सतर्कता और आक्रामकता के साथ काम कर रहे हैं। अंतिम चरण में निर्णायक कार्रवाई, बचे कैडरों पर दबाव और आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सुरक्षाबल अब उन टॉप टेन मोस्ट वाटेंड नक्सलियों सहित 50 शसस्त्र नक्सलियों को टॉरगेट करने प्रयासरत है, जिन पर केवल छत्तीसगढ़ में ही 3 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम घोषित हैं। इनमें 1-1 करोड़ के इनामी इन सेंट्रल कमेटी के नक्सलियों में सबसे शीर्ष में पोलित ब्यूरो व सलाहकार सेंट्रल कमेटी मेंबर मुपल्ला लक्ष्मण राव उर्फ गणपति उर्फ रमन्ना 75 वर्ष निवासी वीरपुर मंडल सरंगापुर जिला करीमनगर तेलगांना का नाम आता है। इसके अलावा दूसरे नम्बर में पोलित ब्यूरो मेंबर 63 वर्षीय मिशिर बेसरा उर्फ भास्कर का नाम आता है, जो ग्राम सनथल मधुनदी, थाना कीर्तन, जिला गिरडीह झारखण्ड का रहने वाला है। इस पर छग में भी 40 लाख का इनाम घोषित है।

इनके अलावा अन्य बचे हुए नक्सलियों में बस्तर के रहने वाले 40-40 लाख के इनामी किस्टाराम निर्मलगुड़ा निवासी एसजेडसीएम सदस्य व दक्षिण सब जोनल ब्यूरो प्रमुख पापाराव कुड़म उर्फ सुन्नम चंदैरया उर्फ मंगू दादा उर्फ चन्द्रना तथा एण्डापाट चिंतागुफा निवासी डीकेएसजेडसी सदस्य, कम्पनी नम्बर 2 व पीएलजीए बटालियन नम्बर 01 केसा सोढ़ी शामिल है। इसके अलावा 8-8 लाख के ईनामी पालामड़गू पोलमपल्ली निवासी डीवीसीएम दक्षिण बस्तर डिवीजन मिलिट्री कमाण्डर इन चीफ हेमला विज्जा व डीवीसीएम व आदेरबेड़ा ओरछा निवासी परतापुर एरिया कमेटी सचिव चंदर कतलाम के अलावा 5-5 लाख के इनामी कोत्तागुड़ा बासागुड़ा निवासी एसीएम जगरगुण्डा एरिया कमेटी किशोर उर्फ आयतु डोडी, आधंप्रदेश निवासी उत्तर बस्तर डिवीजन परतापुर एरिया कमेटी एसीएम रूपी पति विजय रेड्डी, बड़ेपल्ली बीजापुर निवासी एसीएम मगेंश परचापी उर्फ सोमलू तथा कोंटमेटा मर्दापाल निवासी एसीएम मनीषा कोर्राम मेंबर परतापुर एरिया कमेटी सहित लगभग 50 नक्सली सुरक्षाबलाें के हिट लिस्ट में हैं।

बस्तर आईजी सुदंरराज पट्टलिंगम ने कहा कि मिशन 2026 अब अपने निर्णायक अंतिम चरण में है, जहां हमारा प्रमुख लक्ष्य बस्तर से वामपंथी उग्रवाद का पूर्ण समापन सुनिश्चित करना है। बीते वर्षों में बस्तर पुलिस, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स, एसटीएफ, सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, सीएएफ, समेत सभी सुरक्षाबलों के समन्वित और इंटेलिजेंस आधारित अभियानों ने माओवादी ढांचे को गहराई से कमजोर किया है। वहीं प्रभावी आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के कारण बड़ी संख्या में नक्सली कैडर मुख्यधारा में लौटे हैं जिससे संगठन की रीढ़ टूट चुकी है।