यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा है कि हंगरी के निरंतर विरोध के बावजूद यूरोपीय संघ यूक्रेन को वादा किया गया 90 अरब यूरो का ऋण देने के लिए रास्ते खोज निकालेगा। लेयेन आज ब्रुसेल्स में हुए शिखर सम्मेलन के बाद पत्रकारों से बात कर रही थीं, जहां यूरोपीय संघ के नेता हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन को यूक्रेन को दिए जाने वाले महत्वपूर्ण ऋण पर लगी रोक हटाने के लिए मनाने में विफल रहे। जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने ओर्बन के वीटो को गंभीर विश्वासघात का अभूतपूर्व कार्य बताया। हंगरी के प्रधानमंत्री ने यूक्रेन को दिए जाने वाले ऋण पर लगी रोक हटाने के लिए अन्य यूरोपीय नेताओं के अनुरोधों का विरोध किया है। हंगरी रूसी ऊर्जा पर निर्भर है, और श्री ओर्बन ने यूक्रेन पर सोवियत-युग की 'द्रुज़्बा' नामक पाइपलाइन की मरम्मत न करके इन ऊर्जा आपूर्तियों को बाधित करने का आरोप लगाया है। यह पाइपलाइन यूक्रेन के रास्ते हंगरी और स्लोवाकिया तक रूसी तेल पहुंचाती है।