जगदलपुर । बस्तर जिला मुख्यालय में मानसूनी बादल सोमवार सुबह से ही मंडराते रहे, कभी धूप निकल रही थी तो कभी बादल छा रहे, बारिश की स्थिति नहीं बनी पर हल्की हवा चलती रही, इस वजह से उमस से लोगों को राहत मिली। लेकिन बीती रात एक बजे जोरदार बारिश हुई, मंगलवार सुबह भी हल्की बारिश होने के बाद घने मानसूनी बादल छाये हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि दक्षिण पश्चिम मानसून सक्रिय होने से बस्तर संभाग में जमकर बारिश होगी।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून सम्पूर्ण कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात के कुछ भाग, दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ के कुछ और भाग, छत्तीसगढ़ के कुछ भाग, ओडिशा और उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम के कुछ और भाग में पहुंच गया है। दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढऩे के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है।
एक द्रोणिका पूर्वी मध्य प्रदेश से बांग्लादेश तक छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगेटिक पश्चिम बंगाल होते हुए 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से आज 17 जून को कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। बस्तर में कई बार मानसून आने के बाद भी बारिश नहीं होती है, लेकिन इस सीजन में मानसून सक्रिय होने के बाद लागातार बारिश होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।