मनोरंजन की पिच पर उतरे धोनी... आउट हुआ पहली फिल्म का मोशन पोस्टर...

Posted on: 2023-01-27


hamabani image

नई दिल्ली । क्रिकेट के मैदान में अपना जलवा बिखेरने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। आज भी उनकी मौजूदगी को क्रिकेट फील्ड पर फैंस काफी मिस करते हैं। क्रिकेट की दुनिया पर राज करने के बाद अब धोनी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी धाक जमाने की तैयारी कर चुके हैं और हाल ही उनकी पहली फिल्म का मोशन पोस्टर रिलीज हुआ है।

एम एस धोनी सोशल मीडिया पर भी ज्यादा एक्टिव नहीं हैं, लेकिन हाल ही में उन्होंने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर अपनी पहली फिल्म की घोषणा की। धोनी बतौर एक्टर नहीं, बल्कि बतौर प्रोड्यूसर इंडस्ट्री में कदम रखने जा रहे हैं। उनकी पहली फिल्म का टाइटल 'लेट्स गेट मैरिड है'।

खास बात ये है कि धोनी ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपने डेब्यू के लिए तमिल सिनेमा को चुना है। धोनी एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने उनकी पहली हिंदी फिल्म का मोशन पोस्टर शेयर किया। यह एक एनिमेटेड पोस्टर है, जिसके साथ उन्होंने अपनी फिल्म के टाइटल की घोषणा की है।


इस मोशन पोस्टर को शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, 'हम धोनी एंटरटेनमेंट की पहली फिल्म की घोषणा करते हुए बेहद ही उत्साहित हैं'।

एम एस धोनी के प्रोडक्शन में बन रही इस फिल्म में तमिल सिनेमा के सुपरस्टार एक्टर हरीश कल्याण, इवाना, नादिया और योगी बाबू मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन रमेश थामिलामानी कर रहे हैं। एम एस धोनी की पहली फिल्म का पोस्टर सामने आते ही फैंस खुशी से उछल पड़े और उन्होंने कूल कैप्टन रहे एम एस धोनी को बधाई देनी शुरू कर दी।

एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'दिल से आपको बहुत-बहुत बधाई हो मेरे प्रिंस'। दूसरे यूजर ने लिखा, 'ये फिल्म पहले से ही ब्लॉकबस्टर है'। अन्य यूजर ने लिखा, 'बहुत-बहुत मुबारक, हम आपकी मनोरंजन क्षेत्र में सफलता की कामना करेंगे'। इस फिल्म की स्टारकास्ट को देखने के बाद लोगों के चेहरों पर बड़ी सी मुस्कान आ गई है।