क्रिकेट : गोविंद ने झटके चार विकेट,गोंडा टाइटंस ने लवकुश नगर को दी मात, बाराबंकी और एनएचबी ने भी जीते मैच

Posted on: 2024-09-26


hamabani image

लखनऊ, 26 सितम्बर । वाल्मीकि विकास सेवा संस्थान के तत्वावधान में डीपी फाउंडेशन द्वारा आयोजित 23वां आदिकवि महर्षि वाल्मीकि क्रिकेट टूर्नामेंट में गोण्डा टाइटंस, एनएचबी व बाराबंकी घंटाघर इलेवन ने जीत से पूरे अंक जुटाए। गोण्डा टाइटंस व बाराबंकी घंटाघर ने दो मैच खेलते हुए एक-एक जीते।

चौक स्टेडियम पर पहले मैच में गोण्डा टाइटंस ने लवकुश नगर अभिराज इलेवन को 7 विकेट से हराया। लवकुश नगर अभिराज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 8 विकेट पर 84 रन बनाए। हिमांशु ने 34 व विक्की ने 22 रन जोड़े। गोण्डा टाइटंस से गोविंद को चार व वरुण को दो विकेट की सफलता मिली। जवाब में गोण्डा टाइटन्स ने 8 ओवर में तीन विकेट पर 87 रन बनाकर मैच जीत लिया। गोविंद ने 23 व साहिल ने 18 रन बनाकर जीत दिलाई। हरफनमौला पारी खेलने वाले गोण्डा टाइटंस के गोविंद को मैन ऑफ द मैच व बेस्ट कैच का पुरस्कार वाल्मीकि विकास सेवा संस्थान के अध्यक्ष नरेश वाल्मीकि, आयोजन समिति के अध्यक्ष वाल्मीकि अंकित घावरी व महामंत्री आशीष घावरी ने दिया। इस अवसर पर रमन कुमार, मोहम्मद रियाज वाल्मीकि, आर वी घावरी, रिप्पी वाल्मीकि मौजूद थे।

दूसरे मैच में एनएचबी ने बाराबंकी घंटाघर इलेवन को 10 रन से हराया। एनएचबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जयकिशन के 25 व करन के 17 रन से 5 विकेट पर 86 रन बनाए। बाराबंकी घंटाघर से सूरज व कामेश को दो-दो विकेट की सफलता मिली। जवाब में बाराबंकी घंटाघर 8 विकेट पर 76 रन ही बना सका। एनएचबी से मैन ऑफ द मैच सचिन को तीन एवं यश व सुमित को दो-दो विकेट की सफलता मिली। बेस्ट कैच का पुरस्कार बाराबंकी घंटाघर के अभिषेक को मिला।

तीसरे मैच में बाराबंकी घंटाघर इलेवन ने गोण्डा टाइटंस को 78 रन से हराया। बाराबंकी घंटाघर इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 108 रन बनाए। जवाब में गोण्डा टाइटन्स आठ ओवर में 30 रन बना सका। बाराबंकी घंटाघर इलेवन से अक्षय को चार व मैन ऑफ द मैच कामेश को तीन विकेट की सफलता मिली। बेस्ट कैच का पुरस्कार बाराबंकी घंटाघर के सूरज को मिला।