'नेटफ्लिक्स आईसी-814 वेब सीरीज के डिस्क्लेमर में देगा आतंकियों के असली नाम'

Posted on: 2024-09-03


hamabani image

 नई दिल्ली, 03 सितंबर । ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स इंडिया के कंट्री कंटेंट वाइस-प्रेसिडेंट मोनिका शेरगिल ने मंगलवार को कहा कि ‘आईसी-814 कंधार हाईजैक’ वेब सीरीज के शुरुआती डिस्क्लेमर को अपडेट किया गया है। इसमें नेटफ्लिक्स इंडिया ने वेब सीरीज में आतंकी अपहर्ताओं के वास्तविक और कोड नामों को शामिल किया है।

उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर इस वेब सीरीज को लेकर काफी आलोचना हो रही है। यूजर्स का दावा है कि वेब सीरीज के निर्माताओं ने जानबूझकर अपहर्ताओं के नाम बदलकर ‘भोला’ और ‘शंकर’ किए हैं। नेटफिल्क्स पर आई नई वेब सीरीज 1999 में एयर इंडिया के विमान आईसी-814 के हाईजैक होने के घटनाक्रम पर आधारित है। वेब सीरीज को अनुभव सिन्हा ने निर्देशित किया है।

नेटफ्लिक्स इंडिया की वाइस-प्रेसिडेंट कंटेंट मोनिका शेरगिल ने आधिकारिक बयान में कहा, “1999 में इंडियन एयरलाइंस की उड़ान 814 के अपहरण से अपरिचित दर्शकों के लाभ के लिए प्रारंभिक डिस्क्लेमर में अपहर्ताओं के वास्तविक और कोड नामों को शामिल करने के लिए अपडेट किया गया है।”

ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स इंडिया की प्रमुख मोनिका शेरगिल ने आज सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव से शास्त्री भवन मुलाकात की।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने इस मुद्दे पर कल बयान दिया था। उनका कहना है कि वे उस घटनाक्रम के दौरान लगातार नजर बनाए हुए थे। यह साफ है कि अपहरण में शामिल लोग पाकिस्तान समर्थित आतंकी थे। ऐसे में अपहरणकर्ताओं के हिन्दू नाम कहां से आए। वे खुश हैं कि मामले में आईएडंबी मंत्रालय ने संज्ञान लिया है।