मुंबई, 8 दिसम्बर 2022। बॉलीवुड के ही-मैन कहे जाने वाले अभिनेता धर्मेंद्र 8 दिसम्बर 2022 को अपना 85वां जन्मदिन मना रहे हैं। धर्मेंद्र भले ही 85 साल के हो गए हों, लेकिन उनकी फैन फॉलोइंग आज भी उतनी ही है, जितनी जवानी के दिनों में हुआ करती थी। धर्मेंद्र के जन्मदिन पर उनके चाहने वालों और दोस्तों की तरफ से बधाइयों का तांता लगा हुआ है। ऐसे में धर्मेंद्र की पत्नी और मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है।
हेमा ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से धर्मेंद्र के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की है। तस्वीर के साथ हेमा ने एक बेहद प्यारा मैसेज भी लिखा है। तस्वीर शेयर करते हुए हेमा ने लिखा, आज हम धरम जी का जन्मदिन मना रहे हैं। यह आप सभी प्रशंसकों का प्यार और स्नेह है, जो आज भी हमारी फिल्में देखते हैं और उनकी सराहना करते हैं और हम आपकी यादों में रहते हैं। यही हमें काम करने के लिए प्रेरित करता है और हमें अंत तक आपके साथ बने रहने के लिए आपके आशीर्वाद की आवश्यकता है। प्यार के लिए धन्यवाद।