कोलकाता, 24 मई । पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर हुए पुनर्मतदान की मतगणना रविवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी ने भारी बढ़त बना ली है। दूसरे राउंड की गिनती पूरी होने तक भाजपा उम्मीदवार देवांशु पांडे 15 हजार से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस चौथे स्थान पर पहुंच गई है।
मतगणना डायमंड हार्बर महिला विश्वविद्यालय में हो रही है। यहां 19 टेबलों पर 21 राउंड में वोटों की गिनती की जा रही है। केंद्रीय बलों की निगरानी में काउंटिंग प्रक्रिया जारी है। पोस्टल बैलेट की गिनती में भी भाजपा को स्पष्ट बढ़त मिली है। पहले राउंड की मतगणना में भाजपा करीब नौ हजार वोट से आगे रही। दूसरे स्थान पर माकपा, तीसरे पर कांग्रेस और चौथे स्थान पर तृणमूल कांग्रेस रही। उल्लेखनीय है कि तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान मतदान से 48 घंटे पहले ही मुकाबले से हटने की घोषणा कर चुके हैं।
मतगणना केंद्र पर भाजपा, माकपा और कांग्रेस के काउंटिंग एजेंट मौजूद हैं, लेकिन तृणमूल कांग्रेस का कोई एजेंट केंद्र पर नहीं पहुंचा। फलता सीट पर 21 मई को पुनर्मतदान कराया गया था। 29 अप्रैल को हुए मतदान को बड़े पैमाने पर धांधली और ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोपों के कारण निर्वाचन आयोग ने रद कर दिया था। इसके बाद यहां दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया गया।
राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा पहले ही 207 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। फलता सीट पर जीत मिलने पर पार्टी का आंकड़ा 208 तक पहुंच जाएगा। शुरुआती रुझानों से भाजपा खेमे में उत्साह का माहौल है।